रायगढ़। प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, गुरुवार और शुक्रवार की सुबह राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है,मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की सीमा के करीब पहुंच चुका है, आगामी दो से तीन दिनों में अनुकूल परिस्थितियों के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि विगत दो दिनों से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ऐसे में कभी धूप तो कभी बादल होने के कारण अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट आ गई है। जिससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। वहीं गुरुवार रात से ही मौसम में बदलाव शुरू हुआ था, जिससे रात को ठंडी हवा के साथ बूंदाबांदी होती रही और सुबह होते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई, हालाकि यह बारिश कुछ ही देर हुई, इसके बाद पूरे दिन धूप व बादल का खेल चलता रहा। ऐसे में शुक्रवार शाम को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि देर रात तक अंधड के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि अभी बताया जा रहा है कि जिले में मानसून आने में एक-दो दिन का समय लग सकता है, लेकिन प्री मानसून की दस्तक ने काफी हद तक राहत दिलाई है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा के ऊपर वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए दक्षिण बंगालदेश तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके साथ ही उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से सटे पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते जिले के कुछ हिस्से में शुक्रवार रात तक व शनिवार को अंधड के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
दो से तीन दिन में मानसून आने की संभावना
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के साथ-साथ जिले में दो से तीन दिन में मानसून आने लिए परिस्थित अनुकुल बन रही है। ऐसे में अगर इसी तरह आगे बढ़ता रहा तो जिले में बहुत जल्द मानसून दस्तक देगा। साथ ही शनिवार को जिले के कुछ भाग में मेघ गर्जना के साथ बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना बन रही है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
शुक्रवार शाम को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा, मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बलौदा बाजार सहित अन्य जिले में देर रात तक तेज अंधड व मेघ गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है।



