बिलासपुर। रेलवे समपारों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने तथा सडक़ उपयोगकर्ताओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 06 जून से 12 जून 2026 तक मंडल के विभिन्न समपार फाटकों, रेलवे स्टेशनों तथा संवेदनशील रेलखंडों में संचालित किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस पर मंडल के अनेक समपार फाटकों पर संरक्षा कर्मियों, रेलवे अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा वाहन चालकों, मोटरसाइकिल सवारों, स्कूली विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें समपार सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरण, सुरक्षा परामर्श एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि कुछ क्षणों की जल्दबाजी जीवन भर का नुकसान बन सकती है।
बिलासपुर मंडल में प्रतिदिन हजारों लोग रेलवे समपारों का उपयोग करते हैं। ऐसे में समपार फाटक बंद होने पर प्रतीक्षा करना, चेतावनी संकेतों का पालन करना तथा फाटक के नीचे या किनारे से निकलने का प्रयास न करना अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि अधिकांश समपार दुर्घटनाएँ मानवीय लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और अनुशासन के माध्यम से पूरी तरह रोका जा सकता है। सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान में विभिन्न समपार फाटकों पर संरक्षा संगोष्ठियाँ, जन-जागरूकता रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक, सुरक्षा शपथ कार्यक्रम तथा स्थानीय समुदायों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों तथा स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। मंडल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे समपारों पर प्रदर्शित सुरक्षा संकेतों का पालन करें, बंद फाटक पार करने का प्रयास न करें तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदार व्यवहार अपनाएँ। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल का विश्वास है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से समपार दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है तथा सुरक्षित रेल संचालन के साथ सुरक्षित सडक़ यातायात की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा सकता है। ‘रुकिए, देखिए, सुनिए और सुरक्षित पार कीजिए’ यही सुरक्षित समपार उपयोग का मूल मंत्र है।
समपार पर सावधानी ही सुरक्षा की गारंटी
बिलासपुर मंडल ने शुरू किया विशेष जन-जागरूकता अभियान



