रायगढ़। पति ने अपनी पत्नी की हाथ, मुक्कों और डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी। मारपीट में महिला के सिर, जबड़े और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कापू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी अनुसार कापू थाना क्षेत्र के ग्राम गुडाआमा इंचपारा पेलमा की रहने वाली ननकी बाई पहाड़ी कोरवा (30 वर्ष) अपने पति कार्तिक राम के साथ बुधवार को किसी काम से बाहर गई थी। शाम करीब साढ़े 5 बजे गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास किसी बात को लेकर पति ने अपनी पत्नी ननकी बाई से हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट कर दी।
इस मारपीट में उसके सिर, जबड़े और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। कुछ समय बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने ननकी बाई को उठाने का प्रयास किया, तो उसकी सांसें नहीं चल रही थी और उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ननकी बाई की मौत उसके पति कार्तिक राम द्वारा की गई मारपीट से हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आरोपी फरार हुआ
इस मामले में कापू थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पति की मारपीट से पत्नी की मौत
हाथ-मुक्कों और डंडे से मारा, आरोपी फरार



