रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बिजना में लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। गांव की दर्जनभर महिलाओं ने एक व्यक्ति पर बैंक से ऋण स्वीकृत कराने के बाद रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेने और पैसा वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
थाना तमनार में दी गई सामूहिक शिकायत के अनुसार ग्राम बिजना निवासी राजनाथ चौहान ने महिलाओं को उनके नाम पर बैंक से लोन दिलाने का भरोसा दिया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग महिलाओं के नाम पर विभिन्न बैंकों से ऋण स्वीकृत कराया और राशि उनके खातों में जमा होने के बाद अपने प्रभाव एवं विश्वास का लाभ उठाकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि कई महिलाओं के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का ऋण स्वीकृत कराया गया। आरोप है कि आरोपी ने सभी को आश्वासन दिया था कि वह ऋण की राशि का उपयोग कर समय पर भुगतान करेगा और महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देगा। इसके अलावा ब्याज देने का भी भरोसा दिया गया था। महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार उन्हें टालता रहा और जल्द भुगतान करने का आश्वासन देता रहा। शिकायतकर्ताओं के अनुसार लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली।
लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
दर्जनभर महिलाओं ने थाना पहुंचकर की शिकायत



