रायगढ़। विगत तीन दिनों से एमसीएच का बोर खराब होने के मरीज व परिजनों को पानी नहीं मिल रहा है। जिससे अब टैंकर से पानी मंगाकर काम चलाया जा रहा है, जिससे सबसे अधिक दिक्कत मरीजों को शौचालय उपयोग के लिए हो रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शहर से लगे एकताल रोड पर स्थित मदर एण्ड चाइल्ड अस्पताल में बीते तीन दिनों से पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में लगे बोरवेल के खराब हो जाने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ गई है, इससे यहां भर्ती मरीज और उनके परिजन अत्यधिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
वहीं मरीजों को पीने, नहाने और अन्य व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। साथ ही सबसे अधिक दिक्कत शौचालयों के उपयोग को लेकर हो रही है, जहां पानी की कमी के कारण गंदगी और बदबू फैलने लगी है। मरीजों के परिजनों को पीने के लिए बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है, हालांकि इस गंभीर समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा शनिवार को टैंकर मंगाया गया था, जिसके बाद मरीज व परिजन टैंकर से पानी भरकर काम चला रहे हैं। हालांकि टैंकर एक अस्पताल के लिए यह पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और मरीजों की जरूरतों को पूरा करने में अक्षम साबित हो रही है। वहीं परिजनेां की मानें तो एक अस्पताल में स्वच्छता और मरीजों की देखभाल के लिए पानी की निरंतर आपूर्ति अपूर्व रूप से महत्त्वपूर्ण होती है। पानी की अनुपलब्धता से न केवल मरीजों की तकलीफें बढ़ी हैं, बल्कि अस्पताल के कर्मचारियों को भी साफ-सफाई और अन्य कार्यों में परेशानी सामना करना पड़ रहा है।
मिस्त्री नहीं मिलने से आई दिक्कत
इस संबंध में अधिकारियों का कहना था कि बोर खराब होने के बाद लगातार सुधार कार्य के लिए मिस्त्री की तलाश की जा रही थी, नहीं मिलने के कारण थोड़ी दिक्कत हुई थी, लेकिन शनिवार को सुबह से ही सुधार कार्य शुरू हो गया था। जिससे देर शाम तक एक बोर सुधर गया, दूसरे काम जारी है।
एमसीएच का बोरबेल खराब : बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते रहे मरीज
टैंकर से पानी मंगाकर चलाया जा रहा काम, शनिवार देर शाम सुधार होने के बाद मिली राहत



