रायगढ़। जिला के वनकर्मी भी अपनी मांगो को लेकर अब चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिए हैं। छत्तीसगढ वन कर्मचारी संघ संभाग बिलासपुर के अंर्तगत कर्मचारियों ने बुधवार को काली पट्टी लगाकर अपना विरोध जताया। वहीं अब अगले चरण में मुख्य वन संरक्षक कार्यालय वृत्त बिलासपुर के सामने भोजन अवकाश में सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगे रखेंगे।
10 मई को बिलासपुर संभाग के सभी जिला अध्यक्षो व संभागीय पदाधिकारियों का वन चेतना केंद्र बिलासपुर मे बैठक हुआ। जिसमें चरण बद्ध आंदोलन के लिए निर्णय लिया गया। ऐसे में बुधवार को जिले रायगढ़ वन मंडल व धरमजयगढ़ वन मंडल के सभी वनकर्मियों ने काली पट्टी लगाकर अपना विरोध जताया। अब दूसरे चरण में 18 मई को भोजन अवकाश में मुख्य वन संरक्षक कार्यालय वृत्त बिलासपुर के समक्ष सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण में 25 मई को सभी वनकर्मी एकदिवसीय अवकाश पर रहकर सभी विभाग को काम को बंद रखेंगे। इसके बाद भी इनकी मांग पूरी नहीं होती है तो चौथे चरण में एक तिथि निर्धारित कर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की बात कही जा रही है।
मांगो को लेकर किसी ने ध्यान नहीं दिया
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इसमें मुख्य मांग नियम विरूद्ध स्थांतरण के साथ अवकाश प्रकरण, विभागीय जांच प्रकरण, चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरण, विभागीय पदोन्नति में विलंब जैसी मांगे है। जिसे जिला संगठन व संभागीय संगठन द्वारा डीएफओ और सीसीएफ के समक्ष रखें है, जिस पर आज तक कोई उचित निराकरण नहीं किया गया है।
लंबे समय से की जा रही मांग
संभाग उपाध्यक्ष पालूराम साहू ने बताया कि संघ के द्वारा पिछले लंबे समय से अपनी मांगो को लिखित व मौखिक रूप से उच्चाधिकारियों के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन उनकी मांगो को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिस वजह से अब चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया और बुधवार को काली पट्टी लगाकर विरोध जताया गया। अब अगले चरण में धरना प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद भी मांग पूरी नहीं होती है तो अनिश्चितकालिन हड़ताल किया जाने की तैयारी है।



