पखांजुर। बांदे क्षेत्र के छोटेबेटिया के ग्राम पटेल पारा में 94वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक सराहनीय पहल करते हुए ‘आधुनिक कृषि तकनीक जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम ने न सिर्फ किसानों को नई दिशा दी, बल्कि सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच विश्वास को भी और मजबूत किया।
सीमा सुरक्षा बल की 94वीं वाहिनी द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों को आधुनिक खेती के उन्नत तरीकों से रूबरू कराया गया। कार्यक्रम का संचालन द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) सुभाष चंद्र ढाका के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान सहायक कमांडेंट सतेंद्र मोहन, थाना प्रभारी रमन लाल उसेंडी और निरीक्षक हेमंत कुमार सहित क्चस्स्न के लगभग 30 जवान मौजूद रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में सरपंच श्रीमती सविता नायक और पटेल दलसु राम मंडावी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। करीब 70 किसानों की सक्रिय भागीदारी वाले इस कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नारायण कुमार हालदार ने मुख्य वक्ता के रूप में किसानों को आधुनिक कृषि के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उन्नत बीज चयन, जल संरक्षण आधारित सिंचाई प्रबंधन, जैविक खेती को अपनाने, मृदा स्वास्थ्य सुधार और आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल और व्यवहारिक तरीके से मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और नई तकनीकों को अपनाने की इच्छा जताई। कई किसानों ने बेहतर उत्पादन के लिए इन तरीकों को अपनाने का संकल्प भी लिया। बीएसएफ की यह पहल न सिर्फ किसानों की आय और उत्पादन बढ़ाने में सहायक साबित होगी, बल्कि इससे ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी सहयोग और विश्वास की नींव भी और मजबूत होगी। 94वीं वाहिनी ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
बीएसएफ ने किसानों को दिया आधुनिक खेती का मंत्र
बीएसएफ के प्रयास से खेती में आएगी क्रांति, किसानों को मिली नई तकनीकों की जानकारी, सीमा सुरक्षा बल बना किसानों का सहारा, आधुनिक तकनीक से खेती को मिलेगी रफ्तार



