सारंगढ़। क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर जन प्रतिनिधियों की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में जिपं सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर द्वारा छग शासन के वित्त मंत्री माननीय ओ.पी. चौधरी को ज्ञापन सौंपकर लोक निर्माण विभाग से जशपुर (कछार) से नावापारा तक सडक़ निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि जशपुर से नावापारा की दूरी लगभग 2 से 2.5 किलोमीटर है, जो दोनों गांवों को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है। जशपुर की जनसंख्या लगभग 6000 से अधिक तथा नावापारा की आबादी 900 से अधिक है। इसके बावजूद अब तक इस मार्ग पर सडक़ निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वर्तमान स्थिति में मार्ग इतना खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का संपर्क लगभग टूट जाता है। जिपं सभापति श्रीमती खटकर ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि इस सडक़ के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने मान. मंत्री से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। जिसकी प्रति लिपि उपमुख्यमंत्री मान. अरुण साव को भी प्रेषित की गई है।



