रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस द्वारा पिछले माह गौशाला रोड स्थित वेयरहाउस में केबल तार एवं लोहे के एंगल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अंकित कुमार अग्रवाल (उम्र 32 वर्ष), निवासी मौहापाली रोड खरसिया द्वारा 25 मार्च को चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि गौशाला रोड स्थित उनके वेयरहाउस में बोर एवं लाइट के लिए लगे केबल तार तथा बाउंड्री सुरक्षा हेतु लगाए गए लोहे के एंगल व कांटेदार तार को 23 मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया। पूर्व में भी उनके वेयरहाउस से इसी प्रकार केबल तार एवं लोहे का एंगल चोरी हो चुका था, जिसकी कुल कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई गई। मामले में चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान कल चौकी खरसिया पुलिस द्वारा संदेही हेमंत कुमार कुर्रे (उम्र 25 वर्ष), निवासी मौहापाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने वेयरहाउस से केबल तार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया केबल तार गवाहों के समक्ष बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
केबल तार व लोहे का एंगल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
चौकी खरसिया पुलिस की कार्रवाई, चोरी गया सामान बरामद



