खरसिया। आगामी खरीफ सीजन के मद्देनजर जिले के किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उप संचालक कृषि, जिला-रायगढ़ द्वारा एक विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है। यह दल खरसिया रेक पॉइंट पर खाद के आगमन, उठाव और वितरण की प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेगा ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रेक पॉइंट की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए निम्नलिखित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है दुरेश साय पैंकरा सहायक संचालक कृषि रेक पॉइंट नोडल अधिकारी जन्मेजय पटेल कृषि विकास अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी पुरुषोत्तम चौधरी कृषि विकास अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी भुवनेश्वर राठौर संग्रहण केंद्र खरसिया।
उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत गठित यह टीम उर्वरक की कालाबाजारी, गैर-कृषि उपयोग, जमाखोरी और अधिक कीमत पर विक्रय करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे रेक पॉइंट पर मौजूद रहकर आपूर्ति श्रृंखला की हर कड़ी की निगरानी करें ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उप संचालक कृषि द्वारा प्रदायक कंपनियों और परिवहनकर्ताओं को भी निर्देशित किया गया है कि वे निगरानी दल को रेक से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं।
खरसिया रेक पॉइंट पर खाद आपूर्ति की निगरानी हेतु विशेष दल गठित
कालाबाजारी रोकने अधिकारियों के नाम जारी



