रायगढ़. विगत सप्ताहभर से लगातार मौसम में उतार-चढाव चल रहा है, इससे धूप होते ही गर्मी बढ़ जा रही है तो वहीं बादल आने से काफी हद तक राहत भी मिल रही है। ऐसे में रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाया हुआ था और अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे गर्मी से निजात मिली थी, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप होने से उमस से लोग परेशान रहे, वहीं इस बारिश के चलते शहर में कई जगह बिजली समस्या थी उत्पन्न हो कई थी, इससे शहर की कई क्षेत्रों में चार घंटा तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल के शुरूआत से ही कभी धूप तो कभी बादल का खेल चल रहा है। ऐसे में रविवार को एक ही दिन में एक ही दिन में मौसम ने दो रंग दिखाया है, इससे अल सुबह से ही आसमान में घना बादल छाया हुआ था और 11 बजते ही अंधड के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे के बरिश ने गर्मी से काफी हद तक राहत दिला दी थी, इससे लोगों को लगा था कि अब दो चार दिन राहत मिलेगी, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम साफ होते ही चिलचिलाती धूप ने गर्मी व उमस बढ़ा दी थी, जिससे देर शाम तक लोग बेहाल नजर आए। ऐसे में इन दिनों गर्मी व उमस से राहत पाने के लिए शाम होते ही लोग पार्क में अपना अड्डा जमा ले रहे हैं, इससे देर रात तक शहर के पार्क गुलजार नजर आ रहा है। ऐसे में देखा जाए तो हर दो-चार घंटे में मौसम में बदलाव हो रहा है, जिसका असर लोगों के सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चलते चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मध्य पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब के ऊपर 3.1 कम से 4.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके साथ ही एक द्रोणिका के रूप में अक्ष 71 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। साथ ही एक द्रोणिका गंगेटिक पश्चिम बंगाल से तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक बना हुआ है। इसके अलावा एक चक्रवात पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी-तटीय आंध्र प्रदेश के दक्षिण में 1.5 कम ऊंचाई तक बना है। इसके चलते लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। वहीं रविवार को जिले के पठार क्षेत्रों में सुबह के समय तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई है, जिससे कई जगह पेड़ भी धराशायी हुए हैं। हालांकि अभी इस तरह की स्थिति सोमवार को भी बना रहेगा, इसके चलते हल्की से मध्यम वर्षा व गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। साथ ही जिले के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे किसानों की चिंता भी बढऩे लगी है।
दो दिन तक वर्षा होने की संभावना
उल्लेखनीय है कि लगातार चक्रवात एक्टिव होने के कारण 6 और 7 अप्रैल को बिलासपुर संभाग के सभी जिलों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 8 अप्रैल से वर्षा की गति में कमी आने की बात कही जा रही है। साथ ही अगर मौसम साफ होता है तो अचानक अधितम तापमान में भी बढ़ोत्तरी होना शुरू होगा, इससे उमस व गर्मी का फिर से सामाना करना पड़ेगा। ऐसे में देखा जाए तो विगत कुछ दिनों से लगातार मौसम बदलने के कारण सर्द-गर्म हो रहा है इससे लोग सर्दी-बुखार के चपेट में आ रहे हैं। साथ ही विशेषज्ञों की मानें तो अगर उमस बढ़ता है तो डायरिया की भी संभावना बढ़ जाएगी, इससे लोगों को अभी से खान-पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।



