सारंगढ़। दशमी के पावन अवसर पर नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग 5 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। यह महा शोभायात्रा पुराना थाना स्थित शिव-हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाली गई। शोभायात्रा की विशेषता यह रही कि – इसमें भाजपा, कांग्रेस, बसपा, बजरंग दल, भीम आर्मी, आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के लोग एक साथ शामिल हुए। पूरे नगर में जगह – जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा चौक-चौराहों पर आरती उतारी गई। सामाजिक संस्थाओं द्वारा पेयजल, ठंडा, बिस्कुट एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
जय स्तंभ चौक, आजाद चौक और नगर पालिका मार्ग से गुजरती इस शोभा यात्रा में डीजे, ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जय श्री राम, जय जय श्री राम के उद् घोष एवँ जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
शोभायात्रा में मां महाकाली भगवान नरसिंह और बाबा महाकाल की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जिनके पीछे पीछे मर्यादा पुरुषोत्तम राम की झांकी निकाली गई। नगर के हृदय स्थल नंदा चौक में गोपाल जी मंदिर छोटे मठ के महंत बंशीधर दास मिश्रा ने प्रभु भगवान राम कीमहाआरती की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन सत्य, धर्म और मर्यादा का संदेश देता है तथा उनके जीवन में हनुमान, सुग्रीव, जटायू, विभीषण, शबरी और निषादराज केंवट जैसे पात्रों का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। कार्यक्रम के दौरान शांति और सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका रही। पुलिस कप्तान आंजनैय वैष्णव के निर्देश में एसडीओपी स्नेहिल साहू, सिटी कोतवाली प्रभारी हक एवं यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा अपनी टीम के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए। महाआरती के पश्चात वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद अमित तिवारी द्वारा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया वहीं नंदा चौक में बराई महिला समिति द्वारा भी प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में नगर वासियों ने उत्साह, आस्था और भाईचारे का परिचय दिया।
मर्यादा पुरुषोत्तम राम जी की शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल



