रायगढ़। जिले के खरसिया क्षेत्र में लगातार हो रही बुलेट बाइक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 5 नाबालिग समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, हनुमान चौक पुरानी बस्ती निवासी दीपक मेघानी ने खरसिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, उसके घर के आंगन से अज्ञात चोर उसकी बुलेट बाइक चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इससे पहले भी खरसिया क्षेत्र में बुलेट चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि ढिमरापुर क्षेत्र का रहने वाला रोहित चौहान (19) अपने साथियों के साथ नई बुलेट बाइक में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वह अपने 5 नाबालिग साथियों के साथ ट्रेन और बाइक से रात के समय खरसिया पहुंचते थे और सुनसान स्थानों से बुलेट बाइक चोरी करते थे। 19 मार्च को वो दीपक मेघानी की बुलेट चोरी कर रायगढ़ ले आए थे। आरोपियों ने इससे पहले 18 मार्च को गंज पीछे खरसिया निवासी प्रदुमन गर्ग की बुलेट और 14 मार्च को न्यू पोस्ट ऑफिस रोड निवासी आर्यन बंसल की बुलेट भी चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बुलेट बाइक और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा डिलक्स बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी रोहित चौहान समेत 5 नाबालिगों को सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बुलेट चोर गिरोह पुलिस हत्थे चढ़ा, 3 बुलेट बरामद, 5 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार



