पखांजूर। परलकोट क्षेत्र में चोरी की वारदातों में संलिप्त रही एक महिला को पखांजूर पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया है। साधना उर्फ सपना मण्डल नाम की यह महिला पिछले वर्ष क्षेत्र के 13 खाली मकानों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहने के कारण जेल जा चुकी थी। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से चोरी की कोशिश की, लेकिन इस बार रंगे हाथ पकड़ ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पीवी-15 सेंटर गोविंदपुर निवासी संजय सरकार ने थाना पखांजूर में शिकायत दर्ज कराई कि 8 मार्च 2026 को वह खेत में काम करने गया था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे ग्राम पीवी-13 में आयोजित नामकीर्तन भजन कार्यक्रम में गए हुए थे। शाम करीब 5 बजे जब वह घर लौटा तो देखा कि घर के बाहर एक काले रंग की स्कूटी खड़ी है और घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है।
संदेह होने पर वह धीरे से घर के अंदर गया, जहां एक महिला आलमारी खोलकर सोने की बाली, मंगलसूत्र और चांदी की पायल अपने बैग में रख रही थी। घर के लोगों को देखकर महिला घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी। घटना की रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 305, 62, 331 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने चोरी की घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी-19 बीक्यू-4146 को जब्त कर लिया है। आरोपी साधना उर्फ सपना मण्डल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह करीब चार महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी। रोजगार नहीं मिलने के कारण उसने दोबारा चोरी करने की कोशिश की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट, एएसआई वेदन सलामे, बिन्दुलता देवांगन, ज्योति साहू और अगसिया कोडोपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील
जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस द्वारा अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। दी गई सूचना और सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
जेल से छूटते ही फिर चोरी की कोशिश, महिला चोर गिरफ्तार
खाली घर को बनाया निशाना, महिला चोर रंगे हाथ पकड़ी गई



