रायगढ़। जिले में होली पर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त देर रात का है। वहीं, अगले दिन सुबह चंद्रग्रहण लगने के कारण उसी दिन रंग नहीं खेला जाएगा, बल्कि 4 मार्च की सुबह से रंगों का त्योहार मनाया जाएगा। शहर में करीब एक सप्ताह से होली की तैयारियां चल रही हैं। गांधी गंज, बुजी भवन चौक, शहीद चौक, गौरीशंकर मंदिर चौक सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर होलिका दहन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
आचार्य पंडित रवि भूषण शास्त्री के अनुसार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रात 12.50 बजे से 2.00 बजे तक रहेगा। इसी अवधि में होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन के बाद सुबह 6.20 बजे से चंद्रग्रहण का सुतक काल प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान मंदिरों के पट बंद रहेंगे। ग्रहण का मध्य काल 3.20 बजे से 4.34 बजे तक, ग्रहण मोक्ष सुबह 6.47 बजे ग्रहण समाप्त होने के बाद 4 मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी।
बाजार में सजी रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें
शहर के बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं। बच्चों में अलग-अलग डिजाइनों की पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह है। इस बार इलेक्ट्रॉनिक गन, हाई-प्रेशर पाइप और कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियों की मांग अधिक है। नटवर स्कूल क्षेत्र, चक्रधर नगर चौक, ढिमरापुर, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड सहित कई इलाकों में दुकानें लग गई हैं। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एडिशनल एसपी अनिल सोनी के नेतृत्व में शहर में बाइक पेट्रोलिंग निकाली गई। इसका उद्देश्य लोगों को शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने का संदेश देना और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



