रायगढ़। जिले में एक व्यवसायी उठाईगिरी का शिकार हो गया। उसने 8 हजार रुपए और कुछ दस्तावेजों से भरा थैला अपनी बाइक के हैंडल पर रखा था। तभी मौका पाकर दो अज्ञात युवकों ने उसे पार कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जवाहर कॉलोनी के रहने वाले 58 साल के व्यवसायी विनोद कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात उन्होंने 8 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज थैले में रखकर अपनी बाइक के हैंडल में लटका दिया था। इसके बाद वह बाइक पर सवार होकर हमारपारा के बुधराम की दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करके दुकान के अंदर गया। जब वह वापस लौटा, तो उसने देखा कि उसका थैला गायब है। उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसने खरसिया थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है।
-
पूछताछ में किया स्वीकार
इसके बाद पुलिस ने हमारपारा के 35 साल के राजू महंत और 27 साल के अंकित वैष्णव को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। दोनों ने उठाईगिरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी राजू महंत के पास से 4 हजार रुपए और आधार कार्ड, पैन कार्ड बरामद किए। वहीं अंकित वैष्णव के पास से 4 हजार रुपए मिले। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



