रायपुर। कांग्रेस के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आज दिल्ली में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंदिरा भवन में आयोजित इस ट्रेनिंग में छत्तीसगढ़ सहित जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु समेत कई राज्यों के जिलाध्यक्ष शामिल हैं। यह मीटिंग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और के सी वेणुगोपाल ले रहे हैं। पार्टी नेतृत्व के अनुसार, जिलाध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए उन्हें वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना आवश्यक है। आज का कार्यक्रम एकदिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण और ओरिएंटेशन के तौर पर रखा गया है। इसके बाद सभी नव-नियुक्त जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिनों का विस्तृत और आवासीय प्रशिक्षण शिविर अलग से आयोजित किया जाएगा, जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी।
एक दिवसीय ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे। साथ ही वे जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद और वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की चुनौतियों और आगामी रणनीति पर खुलकर अपनी बात रखेंगे। ट्रेनिंग में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मीडिया मैनेजमेंट, प्रभावी संवाद, सोशल मीडिया कैंपेन, डिजिटल रणनीति, जनता से सीधे जुड़ाव और जन आंदोलनों जैसे विषयों पर सत्र रखे जाएंगे। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि एक दिवसीय ट्रेनिंग के फीडबैक के आधार पर 10 दिन के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तृत एजेंडा और शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों की दिल्ली में ट्रेनिंग
राहुल गांधी कर रहे सीधा संवाद, 10 दिन का आवासीय प्रशिक्षण भी होगा प्रस्तावित



