बिलासपुर। टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने, बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने तथा यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा बिलासपुर स्टेशन में किलाबंदी टिकट चेकिंग एवं रायगढ़ -बिलासपुर-भाटापारा स्टेशनों के मध्य ट्रेनों में गहन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी.एस. चौहान के निर्देशन में आज 05 फरवरी 2026 को चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई स्टाफ व रेलवे सुरक्षा बल सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन एवं रायगढ़ -बिलासपुर-भाटापारा स्टेशनों के मध्य गुजरने वाली 20 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 361 मामलों से 1,88,040 रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 288 मामलों से 1,62,340 रुपये, अनियमित टिकट के 52 मामलों से 23,010 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 21 मामलों से 2,690 रुपये का जुर्माना शामिल है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के लिए उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें। एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। रेलगाड़ी राष्ट्रीय संपत्ति है, इसे स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें। इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे रेलवे नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।
बिलासपुर स्टेशन में चला किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान
361 मामलों में 1लाख 88 हजार 40 रुपये का जुर्माना वसूला गया



