जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के निर्देश पर जशपुर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इंटर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का 2 फरवरी सोमवार को भव्य एवं सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले की कुल 14 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सेजेस पत्थलगांव एवं सेजेस कोतबा की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सजेस पत्थलगांव की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि सजेस कोतबा की टीम उपविजेता रही। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाडिय़ों ने अनुशासन, खेल भावना एवं टीम वर्क का बेहतरीन परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ताज मोहम्मद (शिशु मंदिर, पत्थलगांव) को मैन ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़: डॉलर साहू (सेजेस पत्थलगांव) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़: उज्ज्वल महंत (गुड शेफर्ड, कोतबा) सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक- संस्कार कश्यप (लिटिल रोज़, पत्थलगांव) सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर: चित्रांशु (सेजेस कोतबा)
समापन समारोह में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव वेदानंद आर्य, शतरंज संघ के अध्यक्ष नीरज गुप्ता एवं जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष धनु राम यादव के द्वारा विजेता, उपविजेता टीमों सहित सभी पुरस्कार विजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए।
जिला क्रिकेट संघ द्वारा पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाडिय़ों के लिए भोजन, आवास एवं खेल सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढऩे के लिए उचित मंच प्रदान करना रहा। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव अनिल श्रीवास्तव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाडिय़ों, शिक्षकों एवं संघ के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच, इंटर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच, इंटर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन



