रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें रायगढ़ की सभा के दौरान ष्टरू एक रुपए किलो में आदिवासी समाज के युवाओं को जमीन देने की बात कहते नजर आ रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि, इस वीडियो को जानबूझकर एडिट किया गया है। जिससे मुख्यमंत्री की छवि धूमिल हो सके। ओरिजिनल वीडियो में एक रुपए एकड़ कहा गया है। फिलहाल, इस मामले में भाजपा प्रवक्ता की शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। भाजपा नेताओं के मुताबिक, इस वीडियो को भूपेश है तो भरोसा है और मनीषा गोंड नाम के फेसबुक पेज से शेयर किया गया है। इस मामले में पुलिस अब आगे की जांच कर रही है।
रायपुर शहर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि, मुख्यमंत्री साय ने 2 दिसम्बर को रायगढ़ के बोईरदादर में आयोजित सामाजिक सम्मेलन में आदिवासी समाज के युवाओं को एक रुपए प्रति एकड़ दर से उद्योग के लिए भूमि उपलब्ध कराने की बात कही थी। लेकिन उस वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ में वायरल किया गया, जिससे जनता में भ्रम फैलाया गया है।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने आरोप लगाया कि, मनीषा गोंड़ ने अपने फेसबुक अकाउंट से मुख्यमंत्री के बयान को तोड़-मरोडक़र प्रस्तुत किया और उसे वायरल किया। इसके साथ ही ‘भूपेश है तो भरोसा है’ फेसबुक पेज से भी वीडियो एडिट कर साझा किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि, इस हरकत से मुख्यमंत्री की छवि धूमिल हुई है। आम जनता, किसान और आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई है।
भाजपा प्रतिनिधियों ने पुलिस को बताया कि, इस पूरे घटनाक्रम के पीछे विपक्षी दल कांग्रेस की साजिश हो सकती है। मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से कांग्रेस बौखला गई है। इसलिए वह अब वीडियो एडिटिंग जैसे निम्न स्तर के हथकंडे अपनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही। भाजपा ने पुलिस से आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज
सुबे के मुखिया विष्णुदेव साय के वीडियो को एडिट कर उनकी छबि धूमिल करने के मामले में भाजपा प्रवक्ता की अमित चिननानी की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाईन थाने में मनीशा गोंड व ‘भूपेश है तो भरोसा है’ पेज के आईडी होल्डर के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(2), 336(4), 340(2), 356(2), 352, 353(1)(बी), 353(2) के तहत् अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया गया है।
कांग्रेस कर रही है भ्रामक राजनीति : भाजपा
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि, कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वह वीडियो एडिट कर भ्रामक प्रचार में उतर आई है। सीएम साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लग रहा है। इस दौरान अमित चिमनानी, शताब्दी पांडेय, डॉ. किरण बघेल, बृजेश पांडे, रिसिराज पिठवा, अंजनेश शुक्ला, सत्यम दुवा, शिवजलम दुबे समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
1 रू. किलो जमीन देंगे वाले सीएम के एडिटेड-वीडियो पर एफआईआर
भूपेश है तो भरोसा है पेज से हुआ शेयर, भाजपा बोली-छवि खराब करने की साजिश



