रायगढ़। करंट लगने से कृषि विस्तार अधिकारी (आरईओ) की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा गांव के खम्हार निवासी लाल कुमार साहू (40 वर्ष) बहमा के गुडुबाहाल में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर काम कर रहे थे। 12 अक्टूबर की रात को चाचा के बेटे आलोक साहू के साथ वह अपने खेत की रखवाली के लिए गए थे। तभी वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने तुरंत मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि कुछ लोगों ने जंगली सुअरों का शिकार करने के लिए अवैध रूप से करंट तार बिछाया था।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान दो संदिग्धों, खम्हार निवासी जोसेफ मिंज (40 साल) और सोनू एक्का (26 साल) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने करंट तार लगाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
आरईओ की मौत मामले में 2 गिरफ्तार
सुअर के शिकार के लिए बिछाए थे करंट तार



