रायगढ़। जिले में करंट तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई थी। इस मामले में वन विभाग ने तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति है। मामले में वन अमला आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की दोपहर को तमनार रेंज के केराखोल के राजस्व क्षेत्र में एक नर हाथी की लाश देखी गई थी। जिसकी खबर वन विभाग को लगने के बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।प्रारंभिक जांच में करंट से मौत होने की बात सामने आने के बाद वन अमला ने जांच शुरू की।
मामले में रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए रेंज कार्यालय लाया गया। स्नीफर डॉग की भी मदद ली गई। पूछताछ में केराखोल का रहने वाला वीर सिंह मांझी (28) ने बसंत राठिया (40) और रामनाथ राठिया (42) के साथ घटना को अंजाम देना बताया। जंगली सुअर का शिकार करने के लिए करंट तार लगाया था, लेकिन हाथी चपेट में आ गया।
वन अधिनियम के तहत कार्रवाई
मुख्य आरोपी बसंत राठिया पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति है। वन अमला ने शिकार के लिए लगाए गए तार और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी सरंक्षण अधिनियम 1972 के तहत केस कर उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों को पकडऩे में इनकी भूमिका
घटना की जानकारी लगने के बाद डीएफओ अरविंद पीएम भी मौके पर पहुंचे और विभागीय कर्मचारियों को आरोपियों को पकडऩे निर्देश दिए थे। जहां मामले में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने बारिकी से जांच की। ऐसे में आरोपियों को पकडऩे में स्ष्ठह्र मनमोहन मिश्रा, रेंजर विक्रांत कुमार, डिप्टी रेंजर विनोद तिग्गा, डिप्टी रेंजर जैतराम नाग, परिसर रक्षक गोपी राठिया, सुनील कुमार, हसनैन अली, अक्षय सरल, सन्यासी सिदार की भूमिका रही।
शिकारियों के करंट से हाथी की मौत की आशंका-डीएफओ
रायगढ़ वन मंडल के डीएफओ अरविंद पीएम ने बताया कि तमनार रेंज के केराखोल गांव में एक नर हाथी की मौत की सूचना मिली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हाथी की मौत खेत में शिकारियों द्वारा लगाए गए करंट की वजह से हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मौत की पूरी वजह साफ हो पाएगी। मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
हाथी की मौत के मामले में 3 शिकारी-गिरफ्तार
मास्टरमाइंड पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति, जंगली सुअर को मारने बिछाए थे तार
