जशपुर। शनिवार दोपहर एक भीषण सडक़ हादसे में कपड़ा कारोबारी कनक चिंडालिया के छोटे बेटे चेतन जैन की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके तीन दोस्त प्रांजल दास, प्रिंशु ठाकुर और हिमांशु डनसेना गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चेतन जैन अपने दोस्तों के साथ शनिवार सुबह करीब 10.00 बजे नगेरा पत्थर आरा की ओर गिट्टी खदान का निरीक्षण करने निकले थे। वापसी के दौरान बालाछापर स्थित कोरवा हॉस्टल के सामने यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चेतन जैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रांजल दास, प्रिंशु ठाकुर और हिमांशु डनसेना को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि प्रांजल दास की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर शहरवासियों में गहरा रोष है, क्योंकि एंबुलेंस में डीजल न होने के कारण घायलों को रेफर करने में देरी हुई। वहीं प्रिंशु ठाकुर और हिमांशु की हालत भी स्थिर नहीं बताई जा रही है। तीनों को उच्च उपचार के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
जिला अस्पताल की लापरवाही से मचा हंगामा
सडक़ हादसे में घायलों को रांची ले जाने के लिए एंबुलेंस समय पर नहीं मिल पाई। बताया गया कि एम्बुलेंस में डीजल नहीं था, जिसके चलते काफी समय बर्बाद हो गया। इस लापरवाही को लेकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और परिजनों ने नाराजगी जताई।
सिविल सर्जन बोले-एम्बुलेंस में डीजल था
जब इस लापरवाही के बारे में सिविल सर्जन डॉ. विपिन इंदवार से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस में डीजल था, लेकिन तीनों घायलों को एक साथ रांची रेफर करना था। इसलिए हमें एक और एम्बुलेंस की जरूरत पड़ी, जो मनोरा स्वास्थ्य केंद्र से मंगाई गई।
अधिकारियों ने लिया मामले का संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, एसडीएम विश्वास राव मास्के, सिविल सर्जन डॉ. विपिन इंदवार और कोतवाली थाना प्रभारी आशीष तिवारी शामिल थे।अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
सडक़ हादसे में कारोबारी के बेटे की मौत, तीन गंभीर, रांची रेफर
