जशपुरनगर। राज्यपाल रमेन डेका ने जशपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। राज्यपाल ने नशामुक्ति के लिए अभियान को पूरे जोर-शोर से चलाने के साथ ही इसके नुकसानों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि बच्चों एवं शिक्षकों के बीच एक स्वस्थ संबंध होना चाहिए। उन्होंने लाइब्रेरी में बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए इसके महत्व के बारे में बताने को कहा साथ ही कहा कि लोगों को भी इसके साथ जोड़ा जाना चाहिए और अच्छी किताबें लाइब्रेरी में समुदाय के द्वारा प्राप्त हो ऐसी परंपरा विकसित किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय सदियों से परंपरागत तरीकों से जल संरक्षण कर रहे हैं। इन तरीकों को आधुनिक प्रयासों में शामिल किया जाना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की बात की। उन्होंने सभी सरकारी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों को हरा-भरा बनाने पर जोर दिया। साथ ही वृक्षारोपण में लोगों की भागीदारी बढ़ाने और पेड़ों की सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। सडक़ सुरक्षा पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने हादसों को कम करने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा। नशे में वाहन चलाने वालों और हेलमेट नहीं पहनने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने विकास कार्यों का प्रेजेंटेशन भी दिया। राज्यपाल ने विकास कार्यों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने और नवाचारों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। राज्यपाल ने वर्षा ऋतु से पूर्व जनसहभागिता से जल स्त्रोतों की सफाई करने को कहा। उन्होंने जैविक खाद को बढ़ावा देने किसानों को ऋण के जाल से बचाने के लिए संस्थागत अल्पकालीन ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। राज्यपाल ने टीबी के साथ अन्य रोगों से पीडि़तों की पहचान कर अच्छी चिकित्सा हेतु अच्छे चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के निर्देश दिए। राज्यपाल डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों में सहयोग की भावना होती है, विकास के कार्यों में उनका सहयोग लेकर राज्य राज्य को आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूहों से द्वारा लोगों को रोजगार तो प्राप्त हो रहा है साथ ही इससे अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल रहा है। बैठक में राज्यपाल ने सभी विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रजेंटेशन के माध्यम से देखा और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बचे हुए शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग कराया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही गांव-गांव में जाकर विशेषज्ञों के माध्यमों से जल संरक्षण के प्रति आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि अगर आज हम इस दिशा में कार्य नहीं किया तो आने वाली पीढिय़ों के इसके दुष्परिणाम भुगतने होंगें। बैठक में राज्यपाल डेका को मधेश्वर महादेव की छायाचित्र और शाल, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जशपुर जल जागृति अभियान के तहत जनसहयोग के माध्यम से नदी, नालों, तलाबों को पुनर्जिवित किया जा रहा है। राज्यपाल रमेन डेका ने जिला पंचायत में करीब 35 हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया। मछली पालन विभाग से कई लोगों को जाल और आइस बॉक्स दिए गए। कोमड़ों के सुरंत राम और कमलेश राम को जाल मिला। कस्तुरा युवा समूह के अध्यक्ष इंद्र कुमार सिंह को भी जाल दिया गया। भुईया युवा समूह के उपाध्यक्ष गजानंद राम को आइस बॉक्स मिला। जयमरगा के बेला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष कैलाशपति और डुमरटोली के मुस्कान स्व सहायता समूह की अध्यक्ष पार्वती को जाल और आइस बॉक्स दिए गए।
समाज कल्याण विभाग से पोड़ी के कमला सिंह और सारूडीह के घुनेश्वर को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिली। जुरगुम के परिबा राम और लुईकोना के शनि लोहार को हस्त चलित ट्राइसाइकिल दी गई। समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र जशपुर के पुष्कर पैंकरा और सिमरन पन्ना को श्रवण यंत्र मिले। बोकी की अंकिता विश्वकर्मा को ब्रेल किट और श्वेत छड़ी दी गई। पंडरापाठ के देवव्यास यादव और उनकी पत्नी आशावती यादव को विवाह प्रोत्साहन राशि के रूप में एक लाख रुपए दिए गए।स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छग्राहियों को स्वच्छता किट दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग से जशपुर के रमालाल सोनी को आयुष्मान कार्ड और सुबंती टोप्पो को वय वंदना कार्ड मिला। टीबी मरीजों की सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए जशपुर के निरंजन प्रसाद गुप्ता और भरत रत्नम खुंटे को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने 6 टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी दिए। उद्यानिकी विभाग के तहत जबला के अशोक राम और रैनू राम, बरगांव के दिनेश्वर, कुंजराम सिंह तथा जुरतेला के रामधानी सिंह और जयवीर सिंह को भिंडी, लौकी और करेला की सब्जी मिनिकिट वितरित किए गए।
जल-पर्यावरण संरक्षण पर राज्यपाल की अहम बैठक
राज्यपाल ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की, नशा मुक्ति पर फोकस करने कहा



