दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक बार फिर से जवानों को लाल आतंकियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार को सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन हुआ। इसमें करीब 34 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। 28 नक्सलियों के शव बरामद भी कर लिए गए हैं। 3 अक्टूबर को डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले के थाना ओरछा और बारसूर क्षेत्र के गांव गोवेल, नेंदूर और थुलथुली की ओर सर्च अभियान के लिए रवाना हुई थी. अभियान के दौरान आज 4 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12.30 से 1.00 बजे के बीच पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई।
यह मुठभेड़ दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले के बॉर्डर पर हुई। फायरिंग रुकने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने नक्सलियों के शव के साथ एके -47, एसएलआर जैसे हथियार बरामद किए हैं। इस एनकाउंटर में महिला नक्सली कमांडर नीती के भी मारे जाने की खबर है। आईजी सुंदरराज ने इसे अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन बताया है। करीब 6 महीने पहले कांकेर में 29 नक्सली मारे गए थे।
इनामी नक्सली है नीती
महिला नक्सली कमांडर नीती के भी इस मुठभेड़ में मारे जाने की खबर है। ये डीव्हीसीएम कैडर की थी जिस पर करीब 8 से 10 लाख रुपए का इनाम था। वह नक्सलियों की पूर्वी बस्तर डिवीजन में सक्रिय थी। इसके साथ ही एक डीकेएसजेडसी कैडर का नक्सली भी मारा गया है।
सीएम ने हाउस में बुलाई हाईलेवल मीटिंग
रायपुर. नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा पर पुलिस नक्सली मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गए हैं. बड़ा नक्सल ऑपरेशन सफल होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएम हाउस में हाई लेवल मीटिंग बुलाई है. बैठक में मुख्यमंत्री साय पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से नक्सल एनकाउंटर पर चर्चा करेंगे.
सीएम साय ने सुरक्षा बलों के जवानों को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने पर पुलिसबल के जवानों को मिली सफलता के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को मैं नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे सुरक्षा बलों के जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है, सर्चिंग में अभी तक 28 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। सर्चिंग में एके-47 सहित कई हथियार मिले हैं । मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मैं समझता हूं कि छत्तीसगढ़ में यह अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन हुआ है। इसके लिए मैं अपने जवानों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनके साहस को मैं नमन करता हूं । उन्होंने कहा कि हम पहले से ही माओवादियों को कहते आए हैं कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ दें और विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। अब हम लोग डबल इंजन सरकार के कारण मजबूती से नक्सलियों से लड़ रहे हैं। माओवाद अपनी अंतिम सांस गिन रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज मैं बीजापुर के दौर पर था, जहां नक्सल हिंसा पीडि़त लोगों से मुलाकात की। आज इस घटना के बाद शायद उनका विश्वास और अधिक बढ़ गया होगा। निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में माओवाद समाप्ति की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह विगत 9 महीने में नक्सलवाद की समीक्षा हेतु दो बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं और उनका संकल्प है कि मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद समाप्त हो जाए। उनकी सोच के अनुरूप हमारे जवान छत्तीसगढ़ में भी माओवादियों से मुकाबला कर रहे हैं।