दुर्ग। बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को दिनभर के हाईवोल्टेज सियासी ड्रामे के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की। इस दौरान पुलिस की समर्थकों से भी जमकर झड़प हुई। गिरफ्तारी से पहले देवेंद्र यादव सफेद झंडा और संविधान पकडक़र जोश में लड़ेंगे-लड़ेंगे कहते दिखे।
इससे पहले, बलौदाबाजार पुलिस भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर पहुंची थी। निवास के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही पहले पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी उनके निवास पहुंचे।
दीपक बैज, अरुण वोरा समेत कई नेताओं के आने के बाद पुलिस अफसरों से करीब 2-3 घंटे बातचीत चली। इसके बाद देर शाम पुलिस बल बुलाया गया और आखिरकार देवेंद्र यादव को उनके आवास से गिरफ्तार कर पुलिस बलौदाबाजार रवाना हुई।
विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार करने के बाद बलौदाबाजार पुलिस लाइन स्थित आजाक थाने लाया गया। इसके बाद रात 10 बजे विधायक को लेकर पुलिस सीजेएम कोर्ट में पेश करने पहुंची। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय और पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। रात में करीब दो से तीन हजार कांग्रेसी कार्यकर्ता कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
गिरफ्तारी के दौरान दीपक बैज, अरुण वोरा समेत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। वहीं पुलिस अफसरों में बलौदाबाजार एएसपी अभिषेक सिंह, टीआई बलौदाबाजार के अलावा दुर्ग एएसपी अभिषेक झा, एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर भी मौजूद थे। बलौदाबाजार हिंसा मामले में देवेंद्र यादव को लगातार नोटिस जारी किया गया था। चौथी बार नोटिस जारी होने के बाद विधायक ने बयान देने जाने से मना किया। उन्होंने कहा था कि पुलिस को जो भी बयान लेना है, उनके पास आए और लेकर जाए।
बनाया जा रहा गलत बयान देने का दबाव
देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि जेल में बंद सतनामी समाज के युवाओं को मेरे खिलाफ जबरन बयान देने के लिए धमकाया जा रहा है। उनसे ये बोलने को कहा जा रहा है कि देवेंद्र यादव 12 गाडिय़ों में भरकर लोगों के साथ आए थे। देवेंद्र यादव एक बार 22 जुलाई को बलौदाबाजार पहुंचकर बयान दर्ज भी करा चुके हैं। विधायक के मुताबिक वो अपने राजनीतिक काम छोडक़र बार-बार बयान दर्ज कराने बलौदाबाजार नहीं आएंगे। मैंने अपना जवाब पुलिस को भेज दिया है। जरूरत पडऩे पर मैं राज्यपाल से मुलाकात करूंगा। न्यायालय की सहायता से इसका सामना करूंगा।
3 बार मिल चुका नोटिस
कलेक्ट्रेट में आगजनी के मामले में पूछताछ के लिए बलौदाबाजार पुलिस देवेंद्र यादव को तीन बार नोटिस जारी कर चुकी है। इसके बाद देवेंद्र यादव ने बलौदाबाजार जाकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की थी।
गिरफ्तारी के विरोध में सीएम व डिप्टी सीएम का युकां ने किया पुतला दहन
रायगढ़। बलौदाबाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार का पुतला दहन किया गया।
प्रदेश भर में युवा कांग्रेस द्वारा आज प्रदर्शन किया गया है वहीं रायगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व एवं आशीष यादव के कुशल संचालन में जिला कांग्रेस कमेटी से निकलकर शहर के स्टेशन चैक पर विष्णुदेव साय सरकार का पुतला दहन किया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पांडे मुख्य रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए,छात्र संगठन एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन ने भी अपने साथियों के साथ पुतला दहन कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भाग लिया,पुलिस और युवा कांग्रेस नेताओ के बीच भारी झूमा झपटी और संघर्ष देखने को मिला अंतत: युवा कांग्रेसी पुतला दहन करने में सफल रहे,श्री जायसवाल ने बताया कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से भाजपा की दमनकारी नीति हावी है,यहां पर व्यक्ति विशेष की राजनीति चरम सीमा पर पहुंच चुकी है उन्होंने कहा कि हमारे नेता देवेंद्र यादव की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा सरकार पूरी तरह घबराई हुई है,और यही वजह है कि देवेंद्र यादव को झूठे मामलों में फसाकर उन्हें जबरन परेशान करने की नियत से प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन काम कर रही है। आशीष ने आगे कहा कि सरकार की इन्ही दमनकारी नीतियों के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा विष्णुदेव साय सरकार का पुतला दहन किया गया है।