रायगढ़। जिले में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। कलेक्टोरेट के सामने सभी संघ के पदाधिकारी और सदस्य पहुंचे। कर्मचारियों ने समान महंगाई भत्ता, 4 स्तरीय वेतनमान जैसी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संघ लंबे समय से मांग कर रहा है, लेकिन इनकी मांगों को पूरा करने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आज अपनी मांगो को लेकर संघ के पदाधिकारियों ने ध्यानाकर्षण प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम डिप्टी कलेक्टर को आवेदन सौंपा है।
संघ की 10 सूत्रीय मांग
तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी 10 सूत्रीय मांग है। जिसमें केंद्र के समान महंगाई भत्ता देना, मध्य प्रदेश के समान 300 दिन का अवकाश, नकदीकरण आदेश जारी करना, पिंगुआ समिति की अनुशंसा प्राप्त कर वेतन विसंगति दूर करना होगा, चार स्तरीय वेतनमान देने की मांग शामिल है।
शिक्षक फेडरेशन का भी समर्थन
कर्मचारियों के मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान रायगढ़ शाखा के संरक्षक शेख कलीमुल्ला, कार्यकारी जिला शाखा अध्यक्ष संजीव सेठी, डॉ माधुरी त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संघ की मांगों के संबंध में बताया। इनके मांगों को छत्तीसगढ़ शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष ने भी समर्थन दिया।
कर्मचारी संघ ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
समान महंगाई भत्ता समेत 10 मांग, शिक्षक फेडरेशन का भी मिला समर्थन
