रायपुर/नुआपाड़ा/कालाहांडी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज उड़ीसा में दो सभाएं ली। यहां उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंद्रह साल तक भाजपा की सरकार थी, लेकिन पांच साल के लिए कांग्रेस ने सत्ता संभाली तो भ्रष्टाचार को जमकर बढ़ावा मिला। लेकिन अब फिर छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार है। जिसके कारण प्रदेश में द्रुत गति से विकास हो रहा है। इसी तरह के विकास के लिए उड़ीसा में भी डबल इंजन की सरकार होनी चाहिए।
श्री साय ने कहा कि यहां चौबीस वर्षों से नवीन पटनायक की सरकार है, मगर दुर्भाग्य कि कि वो यहाँ के किसान, मजदूर, गरीबों की भावनाओं को समझने में विफल रहे हैं। लोग कहते हैं कि ओडिशा की सरकार को नवीन बाबू नहीं कोई पांडियन चला रहा है। यह बड़ी विचित्र बात है।
कालाहांडी लोकसभा के नुआपाड़ा और जूनागढ़ में जनता के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने बीजेडी सरकार को घेरते हुए कहा कि ओडिशा में खनिज सम्पदा, वन सम्पदा भरपूर है। यहाँ की मिट्टी उर्वरा शक्ति से भरपूर है, यहाँ मेहनतकश किसान हैं। लेकिन ओडिशा का जैसा विकास होना था, उन्नति होना था वैसा नवीन बाबू की सरकार ने नहीं किया। उल्टे केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं को यहाँ लागू होने रोका। उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का लाभ आम आदमी को न मिलने का आरोप लगाया और कहा बीजेडी सरकार ने केंद्र की योजना का नाम बदलकर बीजू स्वास्थ्य योजना कर दिया। लेकिन राज्य के प्राइवेट हॉस्पिटल में इसका लाभ गरीबों को नहीं मिलता है। यह दुर्भाग्यजनक है।
गिनाए डबल इंजन सरकार के फायदे
छत्तीसगढ़ की अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि मात्र 4 महीने में उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी, 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी और अंतर की राशि 13,320 करोड़ रुपए 24.72 लाख किसानों को देने का काम किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने के पहले सप्ताह में 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि देने की भी बात भी कही।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा का अटूट रिश्ता
श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा का आपस में अटूट रिश्ता है। छत्तीसगढ़ के लोग महाप्रभु जगन्नाथ के भक्त हैं। हर साल रथयात्रा का आयोजन करते हैं और भगवान जगन्नाथ को पूजते हैं, साथ ही छत्तीसगढ़ के देवभोग के चावल का प्रसाद भी पूरी में महाप्रभु को चढ़ता था। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी से लेकर बस्तर तक ओडिशा से छत्तीसगढ़ के जुड़े रहने की बात कही।
भाजपा की डबल इंजन सरकार से ही ओडिशा का विकास संभव : सीएम साय
बीजेडी सरकार ने ओडिशा में मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं को रोका : विष्णुदेव
