रायपुर/जशपुर/सीतापुर/सुहेला। आज जशपुर के पंडरापाठ में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस में मचे घमासान और बिखराव पर जमकर चुटकी ली। उन्होंने कांग्रेस की महिला प्रवक्ता राधिका खेड़ा और कांग्रेस के संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला के बीच हुए झगड़े पर कहा कि कांग्रेसियों में ही आपस में घमासान मचा है। राधिका खेड़ा तो थाने में रिपोर्ट करने की भी बात कर रही हैं। इनसे अपना घर ही नहीं संभल रहा है। कोई तालमेल नहीं है।
श्री साय ने कहा कि कांग्रेस में इस तरह बिखराव का माहौल है कि उनके नेता चुनाव लडऩे को तैयार नहीं हैं। दुर्ग के नेताओं को अलग-अलग लोकसभाओं से चुनाव लड़ाया जा रहा है। आज कांग्रेस की दुर्गति हो गई है। इनके 25 हजार नेता और कार्यकर्ता अब तक भाजपा प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव की भांति लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को पूरी तरह से बाहर करने की बात जनता से कही। गौरतलब है कि विष्णु देव साय का चुनावी अभियान पूरे चरम पर है। वे रोजाना 3-3 जनसभाएं कर रहे हैं, भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने आज जशपुर के पंडरापाठ, सरगुजा के सीतापुर और बलौदाबाजार-भाटापारा के सुहेला में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
साफ हो जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस को घेरते हुए श्री साय ने कहा कि मुद्दाविहीन कांग्रेस आज जनता के बीच तरह-तरह के भ्रम फैला रही है। हमारी जनहितैषी योजनाओं को बंद हो जाने के साथ आरक्षण खत्म कर देने का आरोप भाजपा पर लगा रही है। महिलाओं को साल में एक लाख देने की बात कहकर फॉर्म भरवा रही है। लेकिन कांग्रेस के सरकार में आने की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं है। इसलिए जनता का उस पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं है। उन्होंने फिर एक बार मोदी सरकार बनाने की बात जनता से कही। सीएम साय ने सीतापुर विधानसभा की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि आप लोगों ने 75 वर्षों में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भाई रामकुमार टोप्पो को जिताया, उनको विधायक बनाया है। कांग्रेस के विधायकों ने सीतापुर का कभी विकास नहीं किया, बल्कि विकास के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया। अब भाजपा के विधायक और भाजपा की सरकार है।
मोदी के पिटारे में अभी बहुत कुछ
भाजपा के संकल्प पत्र का हवाला देते हुए श्री साय ने कहा कि हम अपने संकल्प पत्र को मोदी की गारंटी भी कहते हैं। मोदी सरकार में पिछले 10 वर्षों में 4 करोड़ पीएम आवास बने, अगले पांच साल में 3 करोड़ नए पीएम आवास बनाना है। अब 70 साल तक के बुजुर्गों का भी मुफ्त में आयुष्मान भारत योजना में इलाज होगा। मुद्रा योजना के तहत बेटे-बेटियों को 10 लाख की जगह 20 लाख तक का लोन मिलेगा। अब पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो पूरा भी करती है, कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलती।
महिलाओं के खाते में पहुंची तीसरी किश्त : विष्णु देव साय
रायपुर। विष्णु सरकार ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत तीसरी किश्त महिलाओं के खाते में ट्रांसफर कर दी है। जिसके तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को एक-एक हजार की राशि उनके खातों में पहुंचाई गई है। सीतापुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आज महतारी वंदन योजना की तीसरी किश्त दे दी है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों से अपना-अपना खाता चेक करने की बात कही। गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज दिनांक 01.05.2024 को महतारी वंदन योजना की तृतीय किश्त अर्थात् तृतीय माह की सहायता राशि का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना प्रदेश में 01 मार्च 2024 से लागू की गयी है तथा मार्च माह की सहायता राशि दिनांक 10.03.2024 को महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन करते हुए की गयी थी। माह अप्रैल की सहायता राशि दिनांक 03.04.2024 को भुगतान की गयी थी। माह मई 2024 की सहायता राशि का भुगतान 01.05.2024 को किये जाने हेतु प्रकिया अपनाई गई तथा माह मई की सहायता राशि हेतु कुल रु. 654.90 करोड़ का भुगतान किए जाने की प्रक्रिया की गयी है। इनमें से 63,59,226 हितग्राहियों को आधार लिंक खातों के आधार पर डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है. जिसके अंतर्गत उनके आधार से लिंक हुए बैंक खाते में सहायता राशि प्राप्त होगी तथा 6.48.004 हितग्राहियों को, जिनके खाते आधार से लिंक नहीं है, उन्हें एनईएफटी के माध्यम से उनके खाते में भुगतान किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में 70.26.452 हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था, जिनमें से 70,12.417 आवेदन स्वीकृत किए गए थे। अद्यतन स्थिति में मृत हुए हितग्राही एवं अपात्र हितग्राहियों को सूची से हटाते हुए माह मई में कुल 70,07,230 हितग्राहियों के भुगतान की कार्यवाही की गयी है।
श्रमिकों के मामले में भूपेश से बेहतर है समझ : विष्णु देव साय
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये उनका सौभाग्य था कि मोदी जी के पहले कार्यकाल में वे दो साल तक श्रम राज्य मंत्री भी थे। तब श्रमिकों की पेंशन पचास- सौ रुपए तक थी। पेंशन की राशि से ज्यादा उसे लेने में खर्च हो जाते थे। तब हमने ‘मिनीमम’ एक हजार रुपए पेंशन कर श्रमिक भाइयों को उनका हक दिलाया। मजदूरों के पीएफ के लिए यूनिवर्सल प्रणाली लागू करने का सौभाग्य मुझे मिला। मुख्यमंत्री पर भूपेश बघेल की टिप्पणी के सवाल के जवाब में श्री साय बोले कि श्रमिकों के मामले में उनकी समझ पूर्व मुख्यमंत्री से बेहतर है। श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि राष्ट्र निर्माण श्रमिक भाइयों-बहनों की वर्षों की तपस्या, सपनों और संकल्पों का परिणाम है। आप और हम आज की युग में जो भी विकास देख रहे हैं, चाहे वह बहुमंजिला इमारत हो, सडक़, पुल या रेल की पटरी हो, सब श्रमिक भाइयों के पुरुषार्थ का प्रतिफल है। श्रमिक खुद साइकिल पर चलता है, मगर दूसरों के लिए गाडिय़ों में चलने के लिए सडक़ बनाता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के पीएफ नंबर को यूनिवर्सल करने का काम मोदी सरकार ने किया। यह बेहद आश्चर्यजनक था कि इसमें पेचीदगी की वजह से ‘अनक्लेम’ राशि सतहत्तर हजार करोड़ रुपए हो गई थी। श्रमिक अंतर्राज्यीय प्रवासी होने की वजह से यह राशि क्लेम नहीं कर पाते थे। बतौर केंद्रीय राज्य मंत्री जब हमने प्रधानमंत्री जी को यह जानकारी दी, तब माननीय मोदी जी ने कहा कि श्रमिक जहां जाएं उसके पीछे पीएफ की राशि जाए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए। यह मेरे लिए खुशी का विषय है कि श्रमिकों के पीएफ को यूनिवर्सल कराने का सौभाग्य भी मुझे मिला। सीएम साय ने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ में चार ईएसआईसी अस्पताल खुले। पहले केवल पंजीकृत मजदूरों का इलाज होता था अब बड़ी से बड़ी बीमारी का पूरी तरह से नि:शुल्क इलाज हर तरह के श्रमिकों का हो रहा है। श्रमिकों का बीमा किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत श्रमिकों के लिए तेरह हजार करोड़ रूपये का बजट स्वीकृत किया गया है।