जशपुर। वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक रायमुनि भगत ने कार्यक्रम को संबोधित कर महिलाओं के उत्थान के संबंध में शासन द्वारा किए जा रहे विभिन योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कार्यों की सराहना की। विधायक रायमुनि भगत ने खुद के बारे में उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला आज जशपुर की विधायक बन गई है, सभी महिलाओं को जागरूक रहना चाहिए। अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षा प्राप्त करने के लिए उचित वातावरण देने के लिए कहा गया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए शासन प्रतिबद्ध
कलेक्टर ने रवि मित्तल ने कहा कि महिलाएं और बालिकाएं समाज की नींव हैं, लडक़े और लड़कियों को समाज में समान अधिकार प्राप्त हैं। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए शासन और प्रशासन प्रतिबद्ध हैं। महिलाओं की आजीविका बढ़ाने, विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कार्यक्रम में मौजूद बालिकाओं को रोल मॉडल बनने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे अन्य लोग अनुकरण कर सके। महिलाओं को शिक्षा के महत्व को बताते हुए कहा गया कि सभी अपने बच्चों को जरूर पढ़ाएं, शिक्षा से हम बेहतर जीवन जीने के साथ-साथ उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। कलेक्टर ने आने वाले दिनों में प्रवासी मजदूरों के संबंध में बेहतर कार्य करने और उनसे लगातार संपर्क में रहने संबंधी बात कही। प्रवासियों के संबंध में एक जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। समाजसेवियों और व्यापारियों को उनके विशेष दिनों में नजदीकी स्कूल इत्यादि में जाकर बच्चों के साथ भोजन करने के लिए कहा गया। साथ ही नि:शक्तजनों को आने-जाने के लिए पास और ट्राइसाइकिल प्रदान किया गया।
जशपुर पुलिस समस्त मातृ शक्ति के साथ है- एसपी
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर पुलिस समस्त मातृ शक्ति के साथ है, उनके सुख-दुख के साथी हैं। एसपी द्वारा नोनी रक्षा रथ के बारे में और हेल्पलाइन नंबर 9479128400 के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा कि 24 घंटे कॉल करके मदद ली जा सकती है। एसपी ने कहा कि पुरूष की शक्ति का स्त्रोत महिलाए हैं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिनीत जागरूकता संबंधी शॉर्ट फिल्म भी दिखाया गया। महिला और बालिकाओं को अपराध से बचना चाहिए, किसी प्रकार की घटना होने पर तत्काल अपने परिजनों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस को सूचित करना चाहिए, जिससे अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके। साथ ही आम जनता से अपील किया गया कि महिलाओं और बालिकाओं पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना का सहभागी न बनें, न ही अपराधों को छुपाने का प्रयास करें। समाज में व्याप्त अंधविश्वास जैसे- टोनही प्रताडऩा, झाड़-फूंक न कराकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल जाने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा नशा के दुष्परिणाम, सर्पदंश, पॉक्सो एक्ट, ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। ग्राम में बाहर से आने वाले लोगों की पहचान कर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। खुद को सुरक्षित रखने के संबंध में बताया गया तथा सोशल मीडिया-फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर का सावधानी और सुरक्षित तरीके से प्रयोग के लिए कहा गया।
जशपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान कार्यक्रम
