जशपुरनगर। जिले में 108 संजीवनी सेवा की लचर व्यवस्था के चलते हादसे में घायल मरीजों को रेफर करने में 2 घंटे लग गए। क्योंकि वाहन में डीजल नहीं था। जिस पर बीजेपी विधायक रायमुनि भगत ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को जमकर फटकार लगाई। जानकारी के मुताबिक, भागलपुर रोड में स्थित मिंज टेंट हाउस के पास शनिवार शाम करीब 7.30 बजे संत जोसफ हायर सेकेण्डरी उच्चतर माध्यमिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें छात्र शामिल हो गए थे।
अज्ञात पिकअप ने मारी स्कूटी को टक्कर
स्कूल के तीन छात्र हिमेश कुमार (15 वर्ष), कुमारी रौशनी (13 वर्ष) और अवत्रा (14 वर्ष) स्कूटी में सवार होकर घर लौट रहे थे। तभी अज्ञात पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे तीनों छात्र घायल हो गए। जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए झारखंड के रांची रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर विधायक रायमुनी भगत अस्पताल पहुंची। विधायक ने घायलों की स्थिति और इलाज की जानकारी ली।
दो घंटे तक रेफर नहीं हुए घायल
घायल के परिजनों ने बताया कि रेफर किए जाने के 2 घंटे बाद भी एम्बुलेंस रांची के लिए रवाना नहीं हो पाई है। इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टरों को जमकर फटकार लगाई। विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि घायलों का जीवन बचाने के लिए एक-एक पल कीमती होता है। ऐसे में दो घंटे तक घायलों को रोके रखना गंभीर लापरवाही है। विधायक ने मामले की शिकायत चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है।
अस्पताल प्रबंधन पर भडक़ी विधायक रायमुनि
सडक़ हादसे में घायलों को रेफर करने में लगे 2 घंटे, 108 संजीवनी में नहीं था डीजल
