रायगढ़। एक युवक कार से अपने ससुराल आया था, जहां से वापस जाते समय कार अनियंतित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे गंभीर रूप से घायल होने से उपचार के दौरान मेडिकल कालेज अस्पताल में मौत हो गई।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिला के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी अशोक पटेल पिता समय लाल पटेल (33 वर्ष) खेती-किसानी का काम करता और शराब पीकर परिजनों को परेशान करता था। इससे तंग होकर उसकी पत्नी कुछ दिन से अपनी मायके ग्राम दर्रामुड़ा में आकर रहने लगी थी। इस दौरान विगत 19 सितंंबर को अशोक पटेल कार से अपनी ससुराल दर्रामुड़ा आया था, जहां दिनभर रहने के बाद शाम को पत्नी से पैसे की मांग किया, उसके द्वारा नहीं दिए जाने पर शाम को अकेले ही अपने गांव रामपुर के लिए निकल गया। ऐसे में जब छाल थाना क्षेत्र के ग्राम काफरमार से आगे निकला तो उसकी कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसके सिर व अन्य जगह गंभीर रूप से चोट लगी थी। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस ने उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रेफर करने पर खरसिया ले जाया गया, लेकिन वहां भी कुछ ही देर बाद डाक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया, इससे रात करीब 8 बजे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं देर शाम घटना की सूचना मिलने पर उसके परिजन रात करीब 11.30 बजे मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे और तब से यही पर उपचार करा रहे थे।
ऐसे में बुधवार को रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। गुरुवार को घटना की सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने शुन्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
बेकाबू कार पेड़ से टकराई चालक की मौत



