रायगढ़। अघोरेश्वर भगवान राम प्राथमिक उपचार केंद्र के अंतर्गत अघोरेश्वर भगवान राम नेत्र चिकित्सा केंद्र, औघड़ की मड़ई जिगना में रविवार 20 सितंबर को नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. संदीप शर्मा द्वारा कुल 204 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 125 मरीजों को मौके पर ही नि:शुल्क चश्मा वितरित किया गया, वहीं 82 मरीजों को नेत्र संबंधित ड्रॉप नि:शुल्क प्रदान की गई।
जांच में 28 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए, जिन्हें चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श एवं आगे के उपचार हेतु मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त 30 मरीजों के चश्मे का नंबर प्रधान कार्यालय अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय बनोरा भेज दिया गया है, जिनका चश्मा बनने के उपरांत अगले नेत्र शिविर में वितरण किया जाएगा।
इसी क्रम में सोमवार 21 सितंबर को अघोरेश्वर भगवान राम प्राथमिक उपचार केंद्र, अघोर आश्रम डभरा में 14 मरीजों का नि:शुल्क उपचार कर दवाइयां वितरित की गईं। पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के निर्देशन में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा से संबंधित शाखाओं में स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं जारी है। पूज्य बाबा जी पीडि़त मानव की सेवा को सच्ची सेवा बताते है, इसी भावना के साथ प्रत्येक माह नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। विदित हो कि 18 सितंबर को जी मुख्य शाखा बनोरा में अंग्रेजी मीडियम का भव्य स्कूल बनाया गया यह स्कूल सर्वसुविधा युक्त है।
अघोरेश्वर भगवान राम सेवा प्रकल्प : नेत्र शिविर में 204 मरीजों की जांच, 125 को मिला नि:शुल्क चश्मा



