रायगढ़। बीती रात एक युवक दूसरे गांव से अपने गांव जा रहा था, इस दौरान सडक़ किनारे खड़े एक दंतैल ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूम रेंज की है। बुधवार को सारसमार निवासी सुरेश चौहान पिता मदन चौहान (30 वर्ष) किसी काम से पड़ोसी गांव ढोहागांव गया हुआ था, जहां से काम होने के बाद उसने रात में अपने गांव लौट रहा था, इस दौरान रात करीब 9 बजे तेजपुर-ढोहागांव के बीच पहुंचा तो वहां सडक़ किनारे पहले से एक दंतैल हाथी खड़ा था, इस दौरान सुरेश हाथी को नहीं देखा और आगे बढ़ा तो हाथी ने उसे दौड़ा लिया, ऐसे में पहले तो सुरेश भागने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग नहीं सका, जिससे दंतैल हाथी ने उसे पकड़ लिया और पैरों तले कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार को सुबह सूचना मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई, वहीं ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच करते हुए पुलिस को सूचना दिया, जिससे पंचनाम दर्ज कर शव को अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। वन विभाग के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में इन दिनों 100 से अधिक जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को रात में घर से नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।
वहीं बताया जा रहा है कि इन दिनों बरसात के चलते हाथी लगातार भोजन की तलाश में बस्ती की तरफ आ रहे हैं, जिससे फसल को तो नुकसान पहुंचा ही रहे हैं, साथ ही धान के लिए मकानों को भी तोड़ रहे हैं। ऐसे में हाथी की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल मौके पर पहुंच कर हाथियों को जंगल की ओर भगा रहे हैं।
ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास हाथियों के दो दल सक्रिय हैं। इनमें एक दल में करीब 11 हाथी हैं, जबकि एक दंतैल हाथी अकेले विचरण कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात युवक पर हमला करने वाला हाथी यही अकेला घूम रहा था। ऐसे में इन दिनों जंगली हाथियों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
सडक़ किनारे खड़े हाथी ने युवक को कुचला
सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम जांच में जुटी



