खरसिया। कैलाश शर्मा। धार्मिक नगरी खरसिया के छपरी गंज स्थित झुंझुनूं वाली राणी सती दादी मंदिर में भादवा अमावस्या का दो दिवसीय वार्षिक उत्सव 10 एवं 11 सितंबर को अपार श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। राणी सती सेवा समिति और श्री झुंझुनूं वाली राणी सती धर्मादा ट्रस्ट के सदस्य आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों और फूलों से सजाया जा रहा है। कलयुग में मां रानी सती (नारायणी देवी) को शक्ति, ममता और सर्व-कल्याण की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से दादी जी के दरबार में मन्नत मांगता है, माँ उसकी हर विपदा दूर कर मनोकामनाएं पूरी करती हैं। भादवा अमावस्या का दिन दादी भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी तिथि पर माँ की असीम अनुकम्पा और दिव्य उपस्थिति का विशेष अनुभव होता है।
दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
10 सितंबर रात्रि 8 बजे से भव्य रतजगा (भजन कीर्तन एवं जागरण)। 11 सितंबर (अमावस्या) सुबह 10 बजे दादी जी का विशेष चुंदड़ी, चूड़ा एवं अलौकिक श्रृंगार, सुबह 11 बजे महाआरती एवं पूजन, दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारा और महाप्रसाद वितरण, भंडारे के पश्चात रायगढ़ की सुप्रसिद्ध मंगल पाठ गायिका रचिता अग्रवाल द्वारा श्री राणी सती दादी जी का संगीतमय मंगल पाठ। अमोल अग्रवाल (भुरू) और समिति के सदस्यों ने बताया कि मंगल पाठ एवं दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बैठने व अन्य विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। राणी सती सेवा समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस पावन उत्सव में सम्मिलित होकर माँ राणी सती जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



