रायगढ़। भारी वाहनों की आवाजाही से कोटमार-पतरापाली और कोटमार-महापल्ली सडक़ मार्ग के जर्जर होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार सुबह चक्काजाम कर दिया। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से स्कूली बच्चों के साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से सडक़ की स्थिति में सुधार नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सरपंच दशरथ पटेल के नेतृत्व में आंदोलन शुरू किया।
सुबह करीब 8 बजे पतरापाली पूर्व और कोटमार के बीच सैकड़ों ग्रामीण सडक़ पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। इसके चलते इंड सिनर्जी लिमिटेड की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और सडक़ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार हरनन्दन बंजारे एवं चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त करने की समझाइश दी। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से संदीप गोयल एवं देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन, पुलिस, ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच सडक़ की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। बातचीत के बाद कंपनी प्रबंधन ने सडक़ मार्ग की तत्काल मरम्मत शुरू कराने का आश्वासन दिया।
जर्जर सडक़ को लेकर कोटमार के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
6 घंटे बाद कंपनी के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलनज्



