रायगढ़। गौरीशंकर मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। अर्द्धरात्रि की मधुर बेला में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शंखनाद हुआ, पूरा मंदिर परिसर नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। मंदिर को आकर्षक फूल बंगले और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और मधुर भजनों के बीच भगवान को 56 भोग और माखन-मिश्री का दिव्य भोग अर्पित किया गया। महाआरती के साथ पुष्प वर्षा की गई, जिससे माहौल और भी अलौकिक और भक्तिमय हो गया।वहीं आज भी दूर दराज से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सुबह से शाम तक झांकियों का अवलोकन कर पूजा अर्चना कर पुण्य के भागी बने।
जगमगा रहा गौरीशंकर मंदिर
गौरीशंकर मंदिर परिसर इन दिनों मेले में तब्दील हो गया है। रोशनी से जगमगाता पंडाल, फूलों की सुगंध, ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा माहौल कृष्णमय है। देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़, महिलाओं-बच्चों में खास उत्साह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हर कोई भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।
मनमोहक स्वचालित झांकियां बनी आकर्षण
मंदिर में लगी स्वचालित झांकियां भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। गणेश जी, श्री कृष्ण प्रसंग, श्री राम चरित्र झांकियां, गणेश जी और कार्तिक जी का माता पिता और विश्व भ्रमण सहित अनेक मनभावन झांकियां राधा-कृष्ण झूले के दर्शन कर श्रद्धालु कृतार्थ हो रहे हैं।
विशाल भंडारे में हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
जन्मोत्सव के बाद मंदिर में के बाहर विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। 56 भोग और माखन-मिश्री के दिव्य प्रसाद के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक चले भंडारे में सेवादार पूरी श्रद्धा से सेवा में जुटे रहे। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु देर रात तक मंदिर में डटे रहे और भक्ति में लीन नजर आए। पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति, श्रद्धा और आनंद से परिपूर्ण रहा। वहीं आज भी महाभंडारा किया गया। जहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मेला जैसा भक्तिमय माहौल
गौरीशंकर मंदिर परिसर इन दिनों मेले में तब्दील हो गया है। रोशनी से जगमगाता पंडाल, फूलों की सुगंध, ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा माहौल कृष्णमय है। देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़, महिलाओं-बच्चों में खास उत्साह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हर कोई भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।वहीं पुलिस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में सजग नजऱ आ रहे हैं।
फ्रेंड्स एंड फैमिली ग्रुप ने लगाया भव्य भंडारा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ

रायगढ़। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और सेवा भावना से सराबोर रायगढ़ में जन्माष्टमी महोत्सव की रौनक देखते ही बनती है। चार-पांच दिनों तक चलने वाले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर पहुंचते हैं। इसी सेवा और श्रद्धा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए फ्रेंड्स एंड फैमिली ग्रुप द्वारा जन्माष्टमी के दूसरे दिन गौरीशंकर मंदिर चौक में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारे का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के कर-कमलों से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सेवा और श्रद्धा के इस भाव को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक जारी रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रुप के सेवाभावी सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। आमतौर पर जन्माष्टमी के मुख्य दिन ही भंडारों की संख्या अधिक रहती है, लेकिन दूसरे दिन भी सेवा का संकल्प लेकर भंडारा आयोजित करना सेवा भावना का अनूठा उदाहरण बना। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने आयोजकों के इस सेवा कार्य की सराहना की।



