जशपुर/नारायणपुर। नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मटासी में सडक़ हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक बार फिर कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर टर्न लेते हुए सीधे सडक़ किनारे बने एक घर में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन जिस तरह कार घर में घुसी, उसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। थोड़ी सी चूक और यह हादसा बड़ी घटना में बदल सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी14 एमयू 4084 डिपाटोली की ओर से आ रही थी और स्टेट हाईवे-17 की ओर पहुंच रही थी। इसी दौरान बगीचा की ओर से ट्रक क्रमांक यूपी 64 बीटी 7989 स्टेट हाईवे पर आ रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन जैसे ही आमने-सामने पहुंचे, डिपाटोली की तरफ से आ रही कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार बेकाबू होकर घूमी और सडक़ किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसे में घर को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। हालांकि चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई थी। किसी तरह का विवाद या मारपीट न हो, इसके लिए कार चालक को मौके से दूसरी जगह ले जाने की बात भी सामने आई है। वहीं ट्रक चालक अपना वाहन मौके पर खड़ा कर वहां से निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालकों की क्या गलती थी।
इधर इस हादसे के बाद मटासी और आसपास के ग्रामीणों में सडक़ सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग नहीं होने के कारण कई वाहन चालक बेखौफ होकर सडक़ पर वाहन दौड़ाते हैं। शाम होते ही तेज रफ्तार बाइक और कार चलाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। कई युवक सडक़ पर स्टंट करते नजर आते हैं तो कुछ मोटरसाइकिलों के साइलेंसर खोलकर इतनी तेज आवाज में वाहन दौड़ाते हैं कि आसपास के लोगों का चलना तक मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोटरसाइकिल में तीन-चार लोगों के बैठकर चलना भी इस क्षेत्र में अब कोई नई बात नहीं रह गई है। यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी के बावजूद नियमित चेकिंग नहीं होने से वाहन चालकों में पुलिस का डर दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि अगर मुख्य मार्ग और स्टेट हाईवे पर लगातार चेकिंग हो, तो नशे में वाहन चलाने वालों और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर काफी हद तक लगाम लग सकती है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मटासी क्षेत्र में नियमित रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। खासकर शाम के समय स्टेट हाईवे-17 पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए और नशे में वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार वाहन चालकों, स्टंट करने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
लोगों का कहना है कि आज कार घर में घुसने के बाद भी किसी की जान नहीं गई, यह सिर्फ किस्मत की बात है। अगर उस समय घर के सामने कोई व्यक्ति खड़ा होता या सडक़ किनारे कोई राहगीर मौजूद होता तो मामला बेहद गंभीर हो सकता था। ग्रामीणों का साफ कहना है कि पुलिस की नियमित चेकिंग और कार्रवाई जरूरी है, वरना इसी तरह बेलगाम वाहन दौड़ते रहेंगे और किसी दिन बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
मटासी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए अब ग्रामीणों की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। लोगों का कहना है कि सडक़ पर नियम तोडऩे वालों को जब तक मौके पर कार्रवाई का डर नहीं रहेगा, तब तक रफ्तार और लापरवाही का यह खेल इसी तरह चलता रहेगा।
मटासी में फिर हुआ सडक़ हादसा… ट्रक से टकराकर बेकाबू कार घर में जा घुसी, बाल-बाल बची चालक की जान



