रायगढ़। शहर के ऐतिहासिक रियासतकालीन सिद्धपीठ श्री शनिदेव मंदिर, केलो तट में पावन हरेली अमावस्या के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य रुद्राभिषेक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह 6 दिवसीय महोत्सव आगामी 8 से 13 अगस्त तक श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में भव्यता से होगा।
यह होगा कार्यक्रम
आचार्य पं अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन रुद्राभिषेक महोत्सव के अंतर्गत आगामी 8 अगस्त शनिवार, श्रावण कृष्ण पक्ष दसमीं को दोपहर 2 बजे 11 कलश यात्रा, रात्रि 8 बजे अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलन, 9 अगस्त रविवार, गुरुचरण पादुका पूजन व श्री शनिदेव जी का सामूहिक मंत्र जाप, 10 अगस्त सोमवार मनोकामना अखण्ड ज्योति दर्शन व श्री शनिदेव जी का मंत्र जाप, 11 अगस्त मंगलवार को सुबह 9 से दोपहर 2बजे तक श्री शनिदेव जी का सरसों तेल से तेलाभिषेक व 12 अगस्त बुधवार- हरेली अमावस्या को सुबह 8 से 12 बजे तक हवन, 12. 30 से 1 बजे तक पूर्णाहुति व एक बजे से महाप्रसाद भण्डारा श्री शनिदेव की इच्छा तक होगा। इसी तरह 13 अगस्त गुरुवार को सुबह 7 बजे विसर्जन व सुबह 10 बजे दरिद्रनारायण भोज का आयोजन होगा।
महोत्सव की चल रही तैयारी
आचार्य पं अभिषेक शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरेली अमावस्या की खुशी में यह भव्य आयोजन श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को भव्यता देने के लिए मंदिर के सभी सदस्यगण तैयारियों में जुटे हुए है। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य के भागी बनें जो भी शनिभक्तगण भण्डारे में अन्नदान कर सहयोग करना चाहते हैं, वे मंदिर में आचार्य जी से संपर्क कर सकते हैं। छह दिवसीय धार्मिक इस महोत्सव को भव्यता देने में सभी सदस्यगण पवित्र मन से जुटे हैं।



