रायपुर। राजधानी के होटल सायाजी में आयोजित 2 दिवसीय सोलर एंड स्टोरेज एक्सपो छत्तीसगढ़ 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण की अपार संभावनाएं हैं। नवाचार और तकनीक के माध्यम से ही हम ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकते हैं। यह एक्सपो उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री सवन्नी ने एक्सपो में लगी विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया और सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज एवं स्मार्ट ग्रिड से जुड़ी नवीन तकनीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सूर्य घर योजना’ और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ हर घर तक स्वच्छ और सस्ती बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्रेडा इस क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक श्री भीमसिंह कंवर जी श्री बिम्बिसार जी छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा और सोलर क्वार्टर से रमा सतीजा सहित प्रदेश भर से आए वेंडर्स एवं सिस्टम इंटीग्रेटर्स से भी सवन्नी ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा परियोजनाओं में बढ़-चढक़र भागीदारी करें। एक्सपो में सौर पैनल, ऊर्जा भंडारण प्रणाली, रूफटॉप सोलर और स्मार्ट मीटर जैसी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। विशेषज्ञों ने माना कि यह एक्सपो छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और हरित भविष्य की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में श्री सवन्नी ने कहा जब तकनीक, नीति और जनता का सहयोग एक साथ आएगा, तभी हम 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का संकल्प पूरा कर पाएंगे।



