जशपुरनगर। जिले के शासकीय विजय भूषण सिंह देव कन्या महाविद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और ‘बैड टच’ के आरोपों के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। महाविद्यालय के लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच के दौरान करीब 50 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए। शिकायतों में छात्राओं ने अजय गुप्ता पर कथित तौर पर छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आयुक्त, सरगुजा संभाग ने कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया। 28 जुलाई 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय क्षेत्रीय संचालक, उच्च शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह मामला सामने आने के बाद महाविद्यालय परिसर और जिले में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब आगे विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी रहेगी। आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग, कलेक्टर जशपुर, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा, महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।



