रायगढ़। जिले में 14 साल की नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद भूपदेवपुर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को एक महिला अपनी 14 साल की बेटी के साथ भूपदेवपुर थाना पहुंची और ग्राम जैमुड़ा निवासी शिव कुमार चौहान (20) के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी बेटी 14 जुलाई को घरघोड़ा स्थित अपने रिश्तेदार के घर गई थी। वहां से वह लापता हो गई। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने फोन कर बताया कि वह नाबालिग को अपने गांव ले आया है और उससे शादी करेगा। परिजनों की लगातार तलाश के बाद आरोपी 19 जुलाई को नाबालिग को उसके घर छोडक़र फरार हो गया।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे ग्राम टेंडा नवापारा से मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने गांव जैमुड़ा ले गया। वहां उसने शादी का झांसा देकर अपने घर में रखा। पीडि़ता के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 6 से 7 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने पीडि़ता का बयान दर्ज किया और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार



