रायगढ़। घरघोड़ा-छाल मुख्य मार्ग पर कटंगडीह के समीप आज सुबह लगभग 10 बजे के आसपास दो भारी वाहनों (ट्रेलर) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में हडक़ंप मच गया और ग्रामीण सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए एक ट्रेलर का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। इस भीषण टक्कर में उस चालक का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर (टूट) गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है। गनीमत यह रही कि दूसरे ट्रेलर का चालक बाल-बाल बच गया और वह पूरी तरह सुरक्षित है। दुर्घटना की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर इक_ा हो गए। भारी भीड़ जमा होने से मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र के लोगों ने एक बार फिर इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत, एक चालक का पैर टूटा, दूसरा बाल-बाल बचा



