रायगढ़। चक्रधरपुर रेल मंडल में चल रहे निर्माण कार्य के चलते साउथ बिहार एक्सप्रेस को हर शुक्रवार को अगस्त माह तक रद्द कर दिया गया था, लेकिन अब श्रावण माह को देखते हुए रेलवे विभाग ने साउथ बिहार एक्सप्रेस को रिस्टोर कर दिया है। ताकि बाबाधाम जाने वालों को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कंसबहाल-धारुआडीही खंड की अप एवं डाउन लाइन पर ट्रैक अनुरक्षण एवं आधारभूत संरचना संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। जो कि ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए महत्वपूर्ण है। इसके कारण दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा साउथ बिहार एक्सप्रेस को विभिन्न तिथियों में दुर्ग-राउरकेला-दुर्ग के मध्य आंशिक रूप से रद्द किया गया था। लेकिन श्रावणी मेला के महत्व एवं छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा साउथ बिहार एक्सप्रेस को पूरे अगस्त (सावन) माह में अपने प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन अर्थात आरा-दुर्ग-आरा के मध्य नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके विशेष परिचालन के अनुसार आरा से 06, 13, 20 एवं 27 अगस्त को रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस चांडिल-कांद्रा-सीनी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी, जबकि गाड़ी संख्या 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 07, 14, 21 एवं 28 अगस्त को दुर्ग -आरा -दुर्ग के मध्य अपने नियमित मार्ग से संचालित होगी। इससे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इस पहल से छत्तीसगढ़ सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र के श्रद्धालुओं, शिवभक्तों एवं अन्य यात्रियों को श्रावणी मेला के दौरान निर्बाध, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
श्रावण भर रहती है भीड़
श्रावण माह शुरू होते ही इस ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं मिलती है, लेकिन इस ट्रेन को अलग-अलग तिथियों में रद्द किए जाने के कारण बाबाधाम जाने वालों के लिए परेशानी बढ़ गई थी। इससे कई यात्री तो अलग-अलग ट्रेनों से टिकट करा लिए थे, लेकिन अब इस ट्रेन के फिर से रिस्टोर होने से यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।



