रायगढ़। जिले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 बाइक चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 बाइक बरामद की गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत के पास चोरी की बाइक है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से तीन बाइक चोरी करने की बात कबूल की। पूछताछ में आयुष ने बताया कि करीब तीन सप्ताह पहले सत्तीगुड़ी चौक से चोरी की गई बजाज सीटी-100 बाइक को उसने संबलपुरी निवासी दशरथ खडिय़ा को 3 हजार रुपए में बेच दिया था। इसके बाद 7 जुलाई की रात उसने अपने साथी विष्णु राठिया (24) और जलधर कुंवर (24) के साथ मिलकर सत्तीगुड़ी चौक से होंडा एसपी-125 बाइक चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि 10 जुलाई की रात उसने अमन खडिय़ा (19) और अमित भोय (20) के साथ मिलकर चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के सिग्नल चौक से हीरो ग्लैमर बाइक चोरी की और उसे संबलपुरी निवासी नरसिंग चौहान को बेच दिया।
आयुष की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से होंडा एसपी-125, दशरथ खडिय़ा के कब्जे से बजाज सीटी-100 और चक्रधरनगर पुलिस ने नरसिंग चौहान के घर दबिश देकर हीरो ग्लैमर बाइक बरामद की। पुलिस ने मामले में आयुष दास महंत, विष्णु राठिया, जलधर कुंवर, अमन खडिय़ा, अमित भोय तथा चोरी की बाइक खरीदने वाले दशरथ खडिय़ा और नरसिंग चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
चोरों व खरीददार से 3 बाइक बरामद



