रायपुर। कोल लेवी, कस्टम मिलिंग और बहुचर्चित शराब घोटाले के आरोपी तथा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्लू) रिमांड 22 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को विशेष अदालत में पेशी के दौरान ईओडब्लू ने पूछताछ के लिए पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। इसकी जानकारी बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने दी। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां और दस्तावेज सामने आए हैं। इनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। ईओडब्लू का आरोप है कि कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी वजह से एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे। 8 जुलाई को उन्होंने ईआंडब्लू कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 जुलाई को 17 जुलाई तक की पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया गया और अब 22 जुलाई तक ईओडब्लू की कस्टडी में भेज दिया गया है। जांच के दौरान ईओडब्लू पहले ही उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ कर चुकी है। एजेंसी वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य आरोपियों से जुड़े तथ्यों की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है। इस बीच ईओडब्लू ने बहुचर्चित शराब घोटाले में भी रामगोपाल अग्रवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के लिए विशेष अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया है। माना जा रहा है कि मौजूदा पूछताछ पूरी होने के बाद एजेंसी शराब घोटाले में भी उनसे विस्तृत पूछताछ कर सकती है। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



