रायगढ़। रायगढ़ पूर्वी अंचल के सुसंस्कृत ग्राम महापल्ली में श्री जगन्नाथ जी की मंदिर निर्माण के बाद से आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को हर वर्ष भगवान जगन्नाथ बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा जी की रथयात्रा बड़ी धूम धाम से मनाया जाता है। इसी कड़ी में आज रथ द्वितीया तिथि पर तीनों विग्रहों को श्री मंदिर से जातरा मंडली महापल्ली द्वारा भव्य गायन वादन के साथ रथारूढ़ किया गया।
भद्रकाली दरबार के पूजक अक्षय कुमार गुप्ता द्वारा तीनों विग्रहों को वस्त्राभूषण से सजाया गया। भक्त जनों द्वारा पुष्प वर्षा तथा जय जगन्नाथ के गगन भेदी नारे और महिलाओं द्वारा देव ध्वनि हुलहुली के साथ प्रभु जगन्नाथ का स्वागत किया गया। इस अवसर पर छेरा पहरा ग्राम गौंटिया प्रमोद कुमार गुप्ता द्वारा विधिवत संपादित किया गया। जगन्नाथ मंदिर के पुजारी चंद्रकांत दास बैरागी, श्रीकांत दास बैरागी और उनके सहयोगी सीताराम बैरागी द्वारा पूजन अर्चन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तजन , महिला व बच्चे सज धज कर रथयात्रा में शामिल हुए। नव जात शिशुओं को पहली बार प्रभु जगन्नाथ जी का दर्शन कराने लाया गया यह ग्रामीण अंचल में बच्चों का एक संस्कार है जो रथ छुआ कहते हैं। इस अवसर पर मेला लगा हुआ था जहां दुकान सजी हुई थीऔर बच्चे उत्साह पूर्वक खरीददारी करते देखे गए।
महापल्ली में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्री जगन्नाथ रथयात्रा



