बिलासपुर। भारतीय रेलवे की ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत विकसित चांपा रेलवे स्टेशन को लेकर स्थानीय स्कूली बच्चों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इसी कड़ी में आज नगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों लायन्स इंग्लिश हायर सेकंडरी स्कूल और सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल में निबंध एवं पेंटिंग (चित्रकारी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और रचनात्मकता के अनूठे रंग बिखेरे। बच्चों को ‘मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा’ और ‘विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी’ जैसे बेहद प्रेरणादायी और दूरदर्शी विषय दिए गए थे। इन विषयों पर विद्यार्थियों ने न सिर्फ सुंदर और व्यावहारिक लेख लिखे, बल्कि अपनी उत्कृष्ट चित्रकारी कला के माध्यम से भविष्य के आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की सजीव तस्वीर भी कैनवास पर उतारी।
सेल्फी विद स्टेशन का रहा विशेष आकर्षण
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों के लिए ‘सेल्फी विद स्टेशन’ एक्टिविटी भी आयोजित की गई, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने चांपा स्टेशन के बदले और आधुनिक स्वरूप के साथ बड़े ही उत्साह से सेल्फी ली और डिजिटल इंडिया की इस मुहिम का हिस्सा बने। चांपा स्टेशन को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ किया गया है अपग्रेड। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 10.40 करोड़ रुपए की लागत से चांपा स्टेशन को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांपा स्टेशन को यात्रियों के अनुकूल सर्वसुविधायुक्त बनाने हेतु यात्री सुविधा विकास के अनेक कार्य कराये गए हैं। स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण और विस्तार, यात्रियों के लिए सुविधाजनक प्रतीक्षालय एवं बैठने की व्यवस्था, बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था,आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली की स्थापना, दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं के साथ ही स्वच्छता व पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल है।
विजेताओं को किया जाएगा पुरस्कृत
स्कूल प्रबंधन और रेलवे समन्वयकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों का प्रयास सराहनीय रहा। दोनों स्कूलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं का चयन कर उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा।



