रायगढ़। जिले में अलग-अलग सडक़ हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में ट्रेलर की चपेट में आने से 12 साल के लडक़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ की जान चली गई। दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना छाल थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मुनुंद निवासी रामअवतार राठिया (19) सोमवार को अपने चचेरे भाई रूपेश राठिया (12) के साथ बाइक से ग्राम हाटी ट्रैक्टर का सामान लेने गया था। सामान लेकर लौटते समय मुनुंद स्थित अर्जुन ढाबा के पास छाल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से गिर गए और ट्रेलर का पहिया रूपेश के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामअवतार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल भेजा और मामला दर्ज कर आरोपी ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। सोमवार रात करीब 11.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सिंह ढाबा, लोहरसिंग के पास किसी अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। उसने हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पहन रखा था। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश के साथ-साथ मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
सडक़ हादसों में नाबालिग सहित दो की मौत
ट्रेलर ने बच्चे को कुचला तो अज्ञात वाहन ने ले ली ग्रामीण की जान



