हरण बिस्वास/पखांजुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे हीरक जयंती समारोह सीमा सुरक्षा 60 वर्षों की सेवा, समर्पण एवं शक्ति के तहत शुक्रवार को कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र छोटे बेठिया स्थित बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के सीओबी (ष्टह्रक्च) ‘बी’ कंपनी में एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, भाईचारा तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।
शुक्रवार सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बीएसएफ वॉलीबॉल टीम और ग्राम मछपल्ली की ‘राइजिंग-11’ वॉलीबॉल टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने अनुशासन, खेल भावना और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया। दर्शकों ने भी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और जोश से भर गया। यह कार्यक्रम 94वीं वाहिनी बीएसएफ के द्वितीय-इन-कमांड एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्री सुभाष चंदर ढाका के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निरीक्षक सुमन कुंसोथु, कार्यवाहक कंपनी कमांडर ‘बी’ कंपनी सहित बीएसएफ के 57 जवान (10 अधीनस्थ अधिकारी एवं 46 अन्य रैंक) तथा 26 स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कड़े संघर्ष के बाद ग्राम मछपल्ली की ‘राइजिंग-11’ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया, जबकि बीएसएफ टीम ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के समापन पर बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि हीरक जयंती वर्ष के दौरान इस तरह के खेल, सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के साथ विश्वास और सहयोग का रिश्ता और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बीएसएफ केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
हीरक जयंती समारोह बीएसएफ और ग्रामीणों के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला
राइजिंग 11 रही विजेता, नक्सल प्रभावित छोटे बेठिया में बीएसएफ का जनसंपर्क अभियान, खेल के जरिए मजबूत हुआ विश्वास.....



